M.S verma
Manoj kumar
आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देशजसवंतनगर। आगामी बारावफात और रक्षाबंधन त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को थाना जसवंतनगर के सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने धर्मगुरुओं, मौलानाओं और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहारों की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह और सीओ आयुषी सिंह ने लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। अधिकारियों ने धर्मगुरुओं से अपने-अपने समुदाय के लोगों को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान अफवाह, विवाद अथवा अशांति की स्थिति किसी भी कीमत पर उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या माहौल बिगाड़ने वाले संदेश प्रसारित करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध अथवा भ्रामक सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दें। साथ ही त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।बैठक में दीपक धाकरे, इंद्रेश फौजी, अखिलेश फौजी, पिंटू, शैलेंद्र कुमार, मौलाना कमालुद्दीन, सांसद प्रतिनिधि हाजी समीम, मो. जहीर, राशिद सिद्दीकी सहित पुलिसकर्मी, धर्मगुरु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।फोटो कैप्शन: पीस कमेटी की बैठक में मौजूद एसडीएम, सीओ, पुलिस अधिकारी और धर्मगुरु।



